सवा सात लाख रुपये कीमत की स्मैक बरामद, तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी जब्त
टिहरी गढ़वाल, 25 नवंबर। टिहरी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने दो थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुनि की रेती और नरेंद्रनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 24.15 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 24 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में मुख्यमंत्री के ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान आरोपियों को पकड़ा।
भद्रकाली में दो युवक गिरफ्तार
मुनि की रेती पुलिस ने 24 नवंबर की रात करीब 8:25 बजे यात्री शेड भद्रकाली के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK14P1048 से स्मैक ले जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान कुणाल कांगड़ा (20) निवासी बापू ग्राम, ऋषिकेश और अभि छिंद्रा (19) निवासी बापू ग्राम, ऋषिकेश के रूप में हुई है। उनके कब्जे से 12.88 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत 3 लाख 86 हजार 400 रुपये आंकी गई है। मामले में थाना मुनि की रेती में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्लास्डा बैरियर पर भी दो तस्कर पकड़े
वहीं नरेंद्रनगर पुलिस ने 25 नवंबर की रात करीब 12:10 बजे प्लास्डा बैरियर पर चेकिंग के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UK14L8903 सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सार्थक असवाल (26) निवासी खांड गांव, ऋषिकेश और चेतन पवार (31) निवासी शांतिनगर, ढालवाला के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 11.27 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 38 हजार 100 रुपये बताई गई है। इस मामले में कोतवाली नरेंद्रनगर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में मुनि की रेती और नरेंद्रनगर थाने की पुलिस टीमों के साथ एएनटीएफ के जवान भी शामिल रहे।
टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




