व्हाट्सएप के जरिए रिफंड का झांसा देकर महिला को बनाया शिकार, टिहरी पुलिस ने दो मोबाइल फोन किए बरामद
टिहरी गढ़वाल। सोशल मीडिया पर आकर्षक विज्ञापनों के जरिए साइबर ठगी करने वाले अपराधियों के खिलाफ टिहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फेसबुक पर कुर्ती का विज्ञापन डालकर ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर चंबा क्षेत्र की एक महिला से 13 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, चंबा थाना क्षेत्र निवासी उषा देवी ने 3 अक्टूबर 2026 को थाने में तहरीर देकर शिकायत की थी कि अज्ञात साइबर ठगों ने उनके साथ 13 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की है। शिकायत के आधार पर थाना चंबा में मुकदमा संख्या 38/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देश पर विवेचना साइबर पुलिस को सौंपी गई। साइबर टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, डिजिटल लेन-देन और तकनीकी तथ्यों का विश्लेषण किया तो ठगी का तरीका सामने आया। जांच में पता चला कि आरोपी ने फेसबुक पर कुर्ती का विज्ञापन डालकर महिला को ऑनलाइन खरीदारी के लिए आकर्षित किया। इसके बाद व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर कुर्ती उपलब्ध कराने और ठगी गई रकम वापस करने का झांसा दिया। इसी बहाने महिला से अलग-अलग तरीके से कुल 13 लाख रुपये हड़प लिए।
तकनीकी जांच में आरोपी की पहचान गुलशन मीना निवासी बरवा वस्सी, जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई। इसके बाद टिहरी पुलिस की साइबर टीम ने 25 नवंबर को जयपुर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।




