Ad image

इस गालीबाज गुंडे को नोएडा पुलिस ने किया गिरफ्तार, महिला से बदसलूकी के बाद से हो गया था फरार 

Garhninad Desk
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

मेरठ/यूपी। नोएडा की ओमेक्स सोसाइटी में महिला से बदसलूकी करने वाले श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो दिन हरिद्वार- ऋषिकेश में लोकेशन मिलने के बाद गालीबाज श्रीकांत मेरठ भाग गया जहां उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के साथ तीन और लोगों को पकड़ा गया है। यूपी पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। 

बताया जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी लगातार पत्नी और वकील से बात करने की कोशिश कर रहा था। इसी से पुलिस को उसकी लोकेशन की जानकारी मिली। आखिरकार मंगलवार सुबह वह मेरठ में नोएडा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। यूपी पुलिस की 12 टीमें आरोपी की तलाश में तीन राज्यों में लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस ने मंगलवार को उसकी पत्नी को दोबारा हिरासत में लिया था। इससे पहले पुलिस ने शुक्रवार को भी श्रीकांत त्यागी की पत्नी को हिरासत में लेकर 24 घंटे से ज्यादा पूछताछ की थी। इससे पहले नोएडा पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई कर उस पर 25 हजार इनाम भी घोषित किया था। 

आरोपी त्यागी ने सोसाइटी में अपने फ्लैट के आस-पास अवैध निर्माण कर रखा था। आरोप है कि त्यागी सोसाइटी का मेटेनेंस चार्ज भी नहीं देता था। यही नहीं, अथॉरिटी के नोटिस को अपने रसूख से रुकवा देता था। सोमवार को नोएडा अथॉरिटी की टीम ने ओमैक्स सोसाइटी पहुंचकर फरार श्रीकांत त्यागी के अवैध निर्माण पर हथौड़ा चला दिया। आरोपी पर दबाव बनाने के लिए भंगेल में उसकी दुकानों पर जीएसटी टीम ने भी छापेमारी भी की थी।

बता दें कि नोएडा की सोसाइटी में अतिक्रमण को लेकर एक महिला से श्रीकांत त्यागी का विवाद हो गया था। खुद को बीजेपी नेता बताने वाले दबंग ने उस दौरान महिला से गाली गलौज कर दी थी। साथ ही मारपीट पर भी उतारू हो गया था। महिला से बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद उस पर मामला दर्ज किया गया था। तब से वह फरार हो चल रहा था।  

सूत्रों के अनुसार श्रीकांत त्यागी बीती रात ही सहारनपुर से मेरठ पहुंचा, जहां वह श्रद्धा पुरी कॉलोनी में अपने करीबी के घर रुका था। आरोपी अपने करीबी की मदद से कोर्ट में सरेंडर करने वाला था कि पुलिस के हत्थे चढ़ गया।


Please click to share News
Share This Article
error: Content is protected !!