सुशीला दीदी के निधन से शोक मे डूबा पहाड़

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

देहरादून। उत्तराखंड की वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी व राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुशीला बलूनी का मंगलवार को निधन हो गया। उन्होंने मैक्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार थीं। वह 84 वर्ष की थीं। उन्होंने मंगलवार सांय मैक्स अस्पताल में अंतिम सांस ली।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, धन सिंह रावत समेत सभी मंत्रियों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों व राजनीतिक दलों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी तथा उत्तराखंड महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुशीला बलूनी के निधन पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पृथक उत्तराखण्ड के निर्माण में सुशीला बलूनी के योगदान को सदैव याद रखा जायेगा।

इधर टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने सुशीला दीदी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि “अदम्य साहस और उत्तराखंड राज्य आंदोलन की त्वरा की धुरी हम सबकी गौरव, मार्ग दर्शक सुशीला बलूनी जी के निधन के समाचार से मैं स्तब्ध हूँ।
राज्य आंदोलन में और उसके उपरान्त संघर्ष की जिजीविषा का एक सूर्य अस्त हो गया, लेकिन उनकी पुण्य आत्मा राज्य आंदोलन की भावना की रक्षा के लिये प्रकाश स्तम्भ की मानिंद हमारा मार्ग दर्शन करती रहेगी।”

उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता शान्ति प्रसाद भट्ट ने कहा कि सुशीला बलूनी जी के निधन का दुखद समाचार मिला। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे। परिजनों को इस इस असहनीय दुःख को सहन करने की प्रभु शक्ति दें।

राज्य आन्दोलनकारी एवं एडवोकेट लोकेन्द्र जोशी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी दीदी सुशीला बलूनी के निधन की खबर से मन ब्यथित है। जब राज्य आंदोलन को सरकार और हमारे ही कुछ लोगों ने तोड़ने का कुत्सित प्रयास किया,तब दीदी श्रीमती बलूनी ने श्रद्धेय बडोनी जी के नेतृत्व में विश्वास जताया। और यू.के.डी.के हमारे साथियों के साथ मिल कर संघर्ष करते हुए,महिलाओं को भी संगठित करने का बड़ा काम किया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!