Ad image

मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर 16 अगस्त की प्रस्तावित जनाक्रोश रैली की तैयारी तेज

Govind Pundir
4 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

वार्ड नंबर छह योगा पार्क में हुई बैठक, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आंदोलन को मजबूत करने पर जोर

मीडिया से सकारात्मक सहयोग की अपील

टिहरी गढ़वाल 3 अगस्त। टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर आगामी 16 अगस्त को प्रस्तावित विशाल जनाक्रोश रैली की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार शाम वार्ड नंबर छह स्थित योगा पार्क में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में आए स्थानीय लोगों और मेडिकल कॉलेज निर्माण संघर्ष समिति से जुड़े पदाधिकारियों ने रैली को सफल बनाने को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, सदस्य दर्शनी रावत, कुलदीप पंवार, महिपाल नेगी, कमल सिंह महर, जगजीत सिंह नेगी, चतर सिंह चौहान समेत सभी वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज टिहरी की वर्षों पुरानी और जनहित से जुड़ी मांग है। इसलिए इस मांग को लेकर होने वाली जनाक्रोश रैली में सभी वर्गों और राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शामिल होना चाहिए। बैठक में सुझाव दिया गया कि रैली की तैयारियों को लेकर नगर के प्रत्येक वार्ड में बैठकें आयोजित की जाएं और संबंधित वार्ड के वार्ड सदस्य को वार्ड का संयोजक बनाकर अधिक से अधिक लोगों को रैली से जोड़ा जाए।

वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की मांग केवल किसी एक संगठन या राजनीतिक दल की मांग नहीं है, बल्कि यह पूरे जनपद की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए वार्ड स्तर तक लोगों से संपर्क कर उन्हें आंदोलन की जानकारी दी जाएगी।

इस अवसर पर नागरिक मंच के चतर सिंह चौहान ने खास कर मीडिया से अपील करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज निर्माण का आंदोलन पूरी तरह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले संचालित हो रहा है। ऐसे में इसे राजनीतिक आंदोलन का रूप देना उचित नहीं है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से मेडिकल कॉलेज की एक सूत्रीय मांग को लेकर एकजुट होने की अपील की। साथ ही मीडिया से सकारात्मक सहयोग की अपील की।

बैठक में कहा गया कि 16 अगस्त की जनाक्रोश रैली को व्यापक स्वरूप देने के लिए नगर के प्रत्येक वार्ड में संपर्क अभियान चलाया जाएगा और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचने का आह्वान किया जाएगा

इस मौके पर संघर्ष समिति के संयोजक डॉ राकेश भूषण गोदियाल, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, सभासद नवीन सेमवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, सदस्य दर्शनी रावत, सदस्य विजयपाल सिंह रावत, डॉ उम्मेद सिंह नेगी, कमल सिंह महर, चतर सिंह चौहान, जगजीत सिंह नेगी, मुशर्रफ़ अली, कुलदीप पंवार, गंगा भगत सिंह नेगी, महिपाल सिंह सजवान, अनुसूया नौटियाल, टीकम चौहान समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!