सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में सिटी क्लब नई टिहरी बना चैंपियन

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 23 जून 2025। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के उपलक्ष्य में जिला खेल कार्यालय नरेंद्र नगर, टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह आज संपन्न हुआ। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्री मोहन सिंह रावत ने विजेता टीम को ट्रॉफी और खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

फाइनल मुकाबले में सिटी क्लब नई टिहरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सम्राट क्लब को एक पारी और पांच रनों के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल सिटी क्लब और टिहरी क्लब के बीच खेला गया, जिसमें सिटी क्लब ने 6-0 के अंतर से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरा सेमीफाइनल सम्राट क्लब और भागीरथीपुरम क्लब के बीच खेला गया, जिसमें सम्राट क्लब ने 10-4 से जीत हासिल की।

समापन समारोह में बोलते हुए श्री मोहन सिंह रावत ने कहा कि युवाओं को पारंपरिक खेलों के साथ-साथ सॉफ्टबॉल और बेसबॉल जैसे उभरते खेलों में भी अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन खेलों में प्रतिस्पर्धा का स्तर अपेक्षाकृत कम होने से नए खिलाड़ी तेजी से उभर सकते हैं। उन्होंने सॉफ्टबॉल एवं बेसबॉल एसोसिएशन तथा खेल विभाग का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों में भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही बौराड़ी स्टेडियम के सुधार की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर जिला सॉफ्टबॉल संगठन के सचिव श्री कमलनयन रतूड़ी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजनों को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने पालिका द्वारा समय-समय पर दिए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए खेलों के समग्र विकास हेतु समर्थन की अपेक्षा जताई।

समारोह में जिला सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के संरक्षक श्री चक्रधर प्रसाद भद्री, श्री राजेंद्र प्रसाद डोभाल, कोच श्री युजवेंद्र चौहान, श्री असद आलम, श्री अमरजीत भंडारी, श्री दिनेश डंगवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!