मैगाधार इंटर कॉलेज में NDRF का स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम, बच्चों ने सीखे बचाव के गुर

टिहरी गढ़वाल, 22 अगस्त। भिलंगना ब्लॉक के दुर्गम क्षेत्र स्थित इंटर कॉलेज मैगाधार में शुक्रवार को NDRF की टीम ने स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर लगभग 170 छात्र-छात्राओं और अध्यापकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में NDRF टीम ने आपदा प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। छात्रों को प्राथमिक उपचार, CPR, स्टेचर बनाने के इंप्रोवाइजेशन तरीके सिखाए गए। साथ ही खोज एवं बचाव कार्यों में प्रयुक्त उपकरणों का प्रदर्शन भी किया गया। NDRF और SDRF टीम ने संयुक्त रूप से डेमो व अभ्यास कराकर छात्रों को आपात स्थिति में प्रतिक्रिया देने के तरीके बताए। इस अभ्यास में शिक्षक द्वारिका प्रसाद कांस्वाल और छात्र-छात्राएं समिक्षा, कोमल, आरती, सूरज, सछम, कृष, अखिलेश, देवम, सुशील, सौरभ, मंजीत आदि ने भाग लिया।
NDRF कमांडर सुदेश कुमार ड्रॉल, कमांडेंट 15वीं बटालियन ने बताया कि उत्तराखंड में लगातार इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। टिहरी जनपद में यह अभियान 18 अगस्त से 2 सितम्बर 2025 तक चलेगा। इसमें 19 से 24 अगस्त तक घनसाली ब्लॉक, जबकि 26 अगस्त से 2 सितम्बर तक चंबा, थौलधार, प्रतापनगर और जाखनीधार ब्लॉकों में कार्यक्रम होंगे।
इस मौके पर इंस्पेक्टर ओम प्रकाश ठाकुर (NDRF), SDRF टीम घनसाली तथा जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य प्रशिक्षक अनिल सकलानी ने आपदा प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को आपातकालीन टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सौकार सिंह रावत ने कहा कि “विद्यालय में पहली बार NDRF और SDRF की टीमें आई हैं। बच्चों और अध्यापकों ने बहुत उत्साह से भाग लिया। यह कार्यक्रम छात्रों के लिए जीवन रक्षक साबित होगा।” उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से NDRF/SDRF टीम व आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल का आभार जताया।



