उत्तराखंड क्रांति दल की जन जागरण यात्रा गजा पहुंची, राष्ट्रीय दलों पर साधा निशाना

गजा (डी.पी. उनियाल)
टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की जन जागरण यात्रा जिलाध्यक्ष डी.डी. पंत के नेतृत्व में नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय भ्रमण पर पहुंची। उत्तराखंड आंदोलन की शहीद स्व. बेलमति चौहान की पावन धरती गजा में यात्रियों ने शहीद चौहान चौराहे पर श्रद्धांजलि अर्पित की और घंडियाल मंदिर में आशीर्वाद लिया।
गजा बाजार में दल के नेताओं ने जल, जंगल, जमीन, मूल निवास 1950, सशक्त भू-कानून तथा जंगली जानवरों से सुरक्षा जैसे मुद्दों पर जनसभाएं कीं। उन्होंने राष्ट्रीय दलों भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। जिलाध्यक्ष डी.डी. पंत, सैनिक प्रकोष्ठ के प्रांतीय उपाध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल सुनील कोटनाला, रिटायर्ड मेजर बीर सिंह पंवार, संगठन मंत्री उषा चौहान तथा पूर्व विधायक प्रत्याशी सरदार सिंह पुंडीर ने कहा कि पृथक राज्य निर्माण के 25 वर्ष बाद भी उत्तराखंडी अपने मूल अधिकारों के लिए धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।
नेताओं ने आरोप लगाया कि दोनों राष्ट्रीय दलों ने मूल निवास की भावना को ठेंगा दिखाकर बाहरी लोगों को स्थायी निवास देकर रोजगार थमा दिए। सशक्त भू-कानून के अभाव में भू-माफिया उत्तराखंड की जमीनों पर नजर गड़ाए हैं, जबकि जंगली जानवरों के हमलों से ग्रामीण प्रतिदिन परेशान हैं।यात्रा का स्वागत विकासखंड चंबा (नरेंद्रनगर विधानसभा) अध्यक्ष बिलेंदर सिंह असवाल ने किया। गजा से यह यात्रा पोखरी, चाका, देवप्रयाग, शिवपुरी होते हुए रात्रि में ढालवाला (ऋषिकेश) पहुंचेगी।



