गैरसैंण में शीघ्र खुलेगा केन्द्रीय विद्यालयः डॉ. धन सिंह रावत ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से दिल्ली में की भेंट

नई दिल्ली/देहरादून, 8 जनवरी 2026। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नई दिल्ली में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी उपस्थित रहे।
भेंट के दौरान गैरसैंण में केन्द्रीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव रखा गया। डॉ. रावत ने बताया कि राज्य सरकार ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में प्रशासनिक गतिविधियों व आधारभूत संरचनाओं का विस्तार कर रही है। केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी तथा पलायन पर भी अंकुश लगेगा। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री ने गैरसैंण में केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना पर सहमति व्यक्त की।
इस दौरान राज्य की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, नई शिक्षा नीति-2020, पीएमश्री विद्यालयों, पीजीआई रैंकिंग सुधार, विद्या समीक्षा केन्द्र एवं एनआईटी श्रीनगर से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। डॉ. रावत ने केन्द्रीय मंत्री को एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में आमंत्रित किया, जिसे उन्होंने स्वीकार किया।
बॉक्स
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष से भी मिले डॉ. रावत
डॉ. रावत ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से भी भेंट कर राज्य से जुड़े विषयों एवं आगामी चुनावी तैयारियों पर चर्चा की।



