Ad image

डीएम टिहरी ने ली जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

Govind Pundir
2 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 28 जनवरी, 2026 । जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आज बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने यातायात एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत किए गए कार्यों तथा गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा मार्गों का संयुक्त सर्वेक्षण कर आवश्यक सुधारों से संबंधित परिवर्तन प्रस्तावों की संकलित रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराते हुए कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने बीआरओ को निर्देश दिए कि अनावश्यक साइनेज एवं विज्ञापन पोस्टर हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

बैठक में एआरटीओ सत्येन्द्र राज ने सड़क सुरक्षा के तहत किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन विभाग द्वारा जनवरी 2025 से दिसम्बर 2025 तक प्रवर्तन कार्यवाही के अंतर्गत विभिन्न अभियोगों में कुल 6,072 चालान कर 113.48 लाख रुपये का शुल्क प्राप्त किया गया। वहीं पुलिस विभाग द्वारा 49,845 चालान कर 244.03 लाख रुपये का शुल्क वसूला गया।

उन्होंने बताया कि माह दिसम्बर 2025 में उपजिलाधिकारी, परिवहन विभाग एवं पुलिस द्वारा 30 संयुक्त चेकिंग अभियान, जबकि पुलिस एवं आरआई द्वारा 17 संयुक्त चेकिंग अभियान संचालित किए गए।

उन्होंने यह भी अवगत कराया कि वाहन दुर्घटनाओं की रोकथाम के दृष्टिगत एनएच-07 पर साकनीधार (देवप्रयाग के निकट) तथा एनएच-34 पर साबली (चम्बा के निकट) एएनपीआर कैमरे लगाए जाने प्रस्तावित हैं, जिसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाना है। बताया गया कि जनपद में वर्तमान में हिट एंड रन का कोई प्रकरण नहीं है।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक जे.आर. जोशी, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एस. नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्याम विजय, अधिशासी अभियंता लोनिवि बोराड़ी योगेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि चम्बा जगदीश खाती, बीआरओ के अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!