बारिश के बीच फ्यूचर क्रिकेट एकेडमी की दमदार जीत, देवभूमि को 5 विकेट से हराया

टिहरी गढ़वाल। टिहरी जिला सीनियर क्रिकेट लीग के अंतर्गत देहरादून के विभिन्न मैदानों में खेले जा रहे मुकाबलों की श्रृंखला में शनिवार को एक रोमांचक मैच देखने को मिला।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में सिद्ध क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर फ्यूचर क्रिकेट एकेडमी और देवभूमि क्रिकेट एकेडमी के बीच यह मुकाबला खेला गया।
टॉस जीतकर देवभूमि क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाज़ी का निर्णय लिया। बारिश से प्रभावित मैच में देवभूमि की टीम ने निर्धारित 37 ओवरों में 7 विकेट खोकर 231 रन बनाए। टीम की ओर से ओम ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए नाबाद 127 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि अमन ने 27 रन का योगदान दिया।
फ्यूचर क्रिकेट एकेडमी की गेंदबाज़ी में विजय कुमार ने 2 विकेट झटके, वहीं प्रसून शर्मा, विनय बागड़ी और हर्ष कुमार को 1-1 विकेट मिला।
बारिश के कारण डकवर्थ-लुईस नियम के तहत फ्यूचर क्रिकेट एकेडमी को 24 ओवरों में 178 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए फ्यूचर एकेडमी ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया और 22 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
टीम की ओर से अंशुल ने 48 रन, अक्षत ने 40 रन, प्रसून शर्मा ने 32 रन तथा क्रिश बिष्ट ने नाबाद 18 रन बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस प्रकार फ्यूचर क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम किया। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्रसून शर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।



