जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ के तहत कीर्तिनगर व लम्बगांव में शिविर आयोजित

टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश और जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के मार्गदर्शन में ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को नगर पंचायत कीर्तिनगर व लम्बगांव में आयोजित शिविरों में लोगों की जनसमस्याओं का तेजी से निपटारा किया गया।
कीर्तिनगर के पंचायत भवन जाखणी (वार्ड-3) में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में हुए शिविर में 09 शिकायतें दर्ज की गईं। सीडीओ ने इन्हें जनसमर्पण पोर्टल पर अपलोड कर समयबद्ध निस्तारण के आदेश दिए। साथ ही 02 प्रमाणपत्र जारी किए गए और 15 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला, जिसमें 02 महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। लगभग 90 लोगों ने भाग लिया।
दूसरे शिविर में प्रतापनगर के लम्बगांव नगर पंचायत कार्यालय प्रांगण में अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में 44 शिकायतें प्राप्त हुईं। विभिन्न विभागीय स्टालों पर लोगों ने जमकर भागीदारी की।दोनों शिविरों में शहरी विकास, कृषि, वन, पेयजल, समाज कल्याण, सैनिक कल्याण, महिला सशक्तिकरण, खाद्य-आपूर्ति, स्वास्थ्य, ऊर्जा, सहकारिता, लोक निर्माण, शिक्षा व आपदा प्रबंधन आदि विभागों ने स्टाल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।इस मौके पर नोडल अधिकारी/अधिशासी अधिकारी कीर्तिनगर राजेंद्र सजवान, लम्बगांव मानवेंद्र रावत सहित वार्ड सदस्य, विभागीय अधिकारी व बड़ी संख्या में जनता उपस्थित रही।



