टिहरी गढ़वाल। जन संवाद कार्यक्रम को जारी रखते हुए पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने पट्टी मखलोगी के तल्ली सौंदकोटी क्षेत्र का भ्रमण कर चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की तथा ग्रामीणों को आगामी जनगणना में “मेरी गणना मेरे गाँव में” कराने के लिए प्रेरित किया।
आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम के तहत उन्होंने विकासखंड चंबा की ग्राम पंचायत तल्ली सौंदकोटी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्राम प्रधान सौंदकोटी मंगल सिंह नेगी ने बादशाही थौल–केमवाल गांव मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत अत्यंत खराब है और कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। साथ ही गांव में बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय को पुनः संचालित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर समर्थन जताते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में एकमुश्त वोट देने का आश्वासन दिया। इस पर पूर्व मंत्री धनाई ने ग्रामवासियों की मांगों को शासन-प्रशासन स्तर पर उठाकर समाधान कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बादशाही थौल–केमवाल मोटर मार्ग उनके कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था, लेकिन उसके बाद कार्य आगे नहीं बढ़ पाया। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के कई बेरोजगार युवाओं को उनके प्रयासों से रोजगार मिला है।
धनाई ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जो परिवार अन्यत्र निवास कर रहे हैं, वे आगामी जनगणना में अपनी गणना अपने मूल गांव में ही कराएं, ताकि गांव की वास्तविक जनसंख्या और पहचान सुरक्षित रह सके। उन्होंने “मेरा गांव मेरी धरोहर” पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड की ग्रामीण विरासत, परंपराओं, रीति-रिवाजों और ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान श्रीमती सुनीता देवी, पूर्व सैनिक होशियार सिंह नेगी, पूर्व सैनिक बीरेंद्र सिंह नेगी, सुमन सिंह नेगी (अध्यक्ष, बहुद्देशीय सहकारी समिति), उत्तम सिंह नेगी, दिवान सिंह नेगी, राजेंद्र सिंह नेगी, दिनेश सिंह नेगी, शिवराज नेगी, धर्मवीर सिंह नेगी, वार्ड सदस्य विनीता देवी, कृष्णा देवी, लवली देवी, प्रमिला देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
तल्ली सौंदकोटी में पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई का जन-संवाद, सड़क व स्कूल खोलने की मांग उठी

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



