जिला कारागार टिहरी में बंदियों के कल्याण हेतु कार्यक्रम: ट्रैक सूट किए वितरित

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

स्वतंत्र निगरानी समिति के सदस्य व अधीक्षक ने बंदियों से किया संवाद

टिहरी, 13 अप्रैल 2026। जिला कारागार टिहरी में बंदियों के कल्याण एवं पुनर्वास के उद्देश्य से सोमवार को अधीक्षक अभिलाष गैरोला की अध्यक्षता में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सामाजिक न्याय आयोग के प्रदेश सचिव एवं जिला कारागार स्वतंत्र निगरानी समिति के सदस्य कुलदीप सिंह नेगी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अधीक्षक अभिलाष गैरोला ने कहा कि बंदियों को नई दिशा प्रदान करना ही कारागार प्रशासन का प्रथम लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार को स्वयं बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी जाती हैं और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाता है। वर्तमान में कारागार में बंदियों को लिफाफा निर्माण, सीमेंट बेस गमले तैयार करना, जेल परिसर में वॉल पेंटिंग, ऐपण आर्ट, पौधारोपण सहित विभिन्न रचनात्मक कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि रिहाई के बाद वे समाज में सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी पहल करते हुए प्रत्येक बंदी से एक-एक पौधा लगवाया गया है, जिसकी देखभाल स्वयं बंदी कर रहे हैं।
प्रदेश सचिव कुलदीप सिंह नेगी ने बंदियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना तथा उन्हें मानवाधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि अधीक्षक द्वारा प्रत्येक सोमवार को बंदियों से सीधा संवाद स्थापित करना सराहनीय पहल है, जिससे बंदियों में सकारात्मक सोच विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान अधीक्षक अभिलाष गैरोला एवं स्वतंत्र निगरानी समिति के सदस्य कुलदीप सिंह नेगी द्वारा बंदियों को दैनिक उपयोग के लिए ट्रैक सूट वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
कारागार में आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम बंदियों के मनोबल को सुदृढ़ करने के साथ ही उनके सुधार एवं पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम माने जा रहे हैं।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!