टिहरी गढ़वाल, 07 मई 2026। जनपद टिहरी गढ़वाल में 6 व 7 मई को हुई तेज ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों और बगीचों को भारी नुकसान पहुंचाया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण टीम ने जौनपुर विकासखंड के नैनबाग, ललूर पट्टी, पंतवाड़ी, श्रीकोट, सेंडुल, मिरियागांव, सल्तवाड़, भूडगांव, सैंजी, भटोली, बनोगी और सिलगांव सहित कई गांवों का दौरा कर फसलों में हुए नुकसान का आकलन किया।इस दौरान सेब, आड़ू समेत अन्य बागवानी फसलों को व्यापक क्षति पाई गई। जिला उद्यान अधिकारी अरविंद शर्मा, कृषि एवं भूमि संरक्षण विभाग के अधिकारी, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित किसानों को फसल क्षति की जानकारी देने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं और फसल बीमा के तहत मिलने वाली राहत के बारे में जागरूक किया। सेंडुल गांव के किसान सुरेश ने मौके पर ही भारत सरकार के कृषि रक्षा पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर अपनी सेब की फसल के नुकसान का क्लेम भी दर्ज कराया। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे समय पर फसल बीमा क्लेम दर्ज कराएं, ताकि उन्हें जल्द से जल्द राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान आईएएस (प्रशिक्षु) ज्योति भी मौजूद रहीं।




