शिक्षकों की अनुपस्थिति पर एडीएम का एक्शन: आईटीआई का भी किया निरीक्षण

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 13 मई 2026। जनपद में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी सक्रिय नजर आए। घेराधार क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षकों की अनुपस्थिति की शिकायत मिलने पर उन्होंने तुरंत संज्ञान लिया।

बता दें कि पावकी देवी तहसील दिवस के दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय में शिक्षकों और लिपिकीय स्टाफ की अनुपस्थिति की शिकायत की थी। इस पर एडीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी को उपस्थिति रजिस्टर की फोटो तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जांच में पाया गया कि शिक्षकों की अनुपस्थिति अपेक्षाकृत कम थी। इसके साथ ही एडीएम ने दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने और जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन माध्यम से भी उपस्थिति की जांच करने के निर्देश दिए, ताकि शिक्षा व्यवस्था पारदर्शी और सुचारू बनी रहे।

वहीं, एडीएम ने आज राजकीय आईटीआई मुनिकीरेती का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूरा स्टाफ उपस्थित मिला, लेकिन कक्षाएं समाप्त हो चुकी थीं। संस्थान में वर्तमान में सिलाई-कढ़ाई और इलेक्ट्रिकल ट्रेड चल रहे हैं, जिनमें 29 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि आईटीआई जर्जर भवन में संचालित हो रहा है और इसके लिए स्थायी भवन की आवश्यकता है। साथ ही छात्रों के लिए संसाधन जुटाने हेतु सीएसआर के माध्यम से सहयोग की मांग भी की गई। इस पर एडीएम ने आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!