टिहरी गढ़वाल 18 मई। टिहरी गढ़वाल के भागीरथीपुरम स्थित टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड में “स्वच्छता पखवाड़ा-2026” का आयोजन 16 मई से 31 मई 2026 तक किया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यालय परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
पखवाड़े की शुरुआत 16 मई को प्रशासनिक कार्यालय, मुख्य महाप्रबंधक सचिवालय, पीएसपी कार्यालय, चिकित्सालय, अतिथि गृह, यांत्रिक विभाग कोटि, टिहरी एचपीपी क्षेत्र, कोटि मार्केट, भागीरथीपुरम शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, डैम व्यू प्वाइंट तिराहा एवं बोटिंग प्वाइंट जैसे प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता बैनर प्रदर्शित कर की गई। इसके माध्यम से कर्मचारियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
आज 18 मई को मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) श्री आर.आर. सेमवाल ने सभी कार्मिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक जीवन शैली और सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण न केवल स्वस्थ जीवन का आधार है, बल्कि विकसित समाज की पहचान भी है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने कार्यस्थल के साथ-साथ समाज में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाएं।
श्री सेमवाल ने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए कर्मचारियों से निजी वाहनों का उपयोग कम करने, कारपूलिंग अपनाने और सप्ताह में कम-से-कम एक दिन पैदल कार्यालय आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण में कमी आएगी और स्वास्थ्य लाभ भी मिलेगा।
स्वच्छता पखवाड़े के दौरान विभिन्न रचनात्मक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए निबंध, नारा एवं चित्रकला प्रतियोगिता, “ट्रेस टू ट्रेजर” (कचरे से उपयोगी वस्तु निर्माण) गतिविधि, पुनर्चक्रण आधारित कला प्रतियोगिताएं, छात्राओं हेतु मासिक धर्म एवं व्यक्तिगत स्वच्छता जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान शामिल हैं।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (ओ.एण्ड एम.) श्री भगत सिंह, अपर महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) श्री ए.पी. बाजपेई, अपर महाप्रबंधक (पी.एस.डी.) श्री संजय महर, अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा/गुण नियन्त्रण) श्री आर.आर. सेमवाल, अपर महाप्रबंधक (यांत्रिक) श्री संजय पंवार, उप महाप्रबंधक (मा.सं.एवं प्रशा.) श्री मोहन सिंह श्रीस्वाल, श्रीमती अदिति इन्दौरिया, श्री रणजीत, श्री सुरेश, श्री रामपाल पडियार, श्री रोहित मन्द्र्वाल, श्री शुभम, श्री राजवीर सहित टीएचडीसी के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।




