महाविद्यालय खाड़ी में निःशुल्क काउंसलिंग शिविर आयोजित, छात्र-छात्राओं को दी करियर व प्रवेश संबंधी जानकारी

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 19 मई 2026। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में स्नातक स्तर पर प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए मंगलवार को एक दिवसीय निःशुल्क काउंसलिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के विभिन्न इंटर कॉलेजों से आए कक्षा 12 उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर उच्च शिक्षा, विषय चयन और करियर संभावनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

महाविद्यालय की बी.ए. प्रथम सेमेस्टर प्रवेश समिति के सदस्यों ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए नई शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन और रोजगारपरक शिक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। हिन्दी विभाग की श्रीमती मीना ने छात्र-छात्राओं को नई शिक्षा नीति के तहत विषय चयन एवं प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। वहीं शिक्षा शास्त्र विभाग की डॉ. संगीता बिजल्वाण जोशी ने महाविद्यालय में संचालित स्किल एन्हांसमेंट कोर्स, इन्फोसिस स्प्रिंग बोर्ड, वाधवानी स्वयं पोर्टल सहित विभिन्न ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी प्रदान की। अंग्रेजी विभाग की डॉ. मीनाक्षी ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से स्नातक स्तर पर उपलब्ध विषयों, एनईपी के तहत विषय चयन की प्रक्रिया तथा भविष्य में रोजगार एवं करियर की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समय पर सही करियर मार्गदर्शन मिलना बेहद आवश्यक है, जिससे वे उच्च शिक्षा में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने भारत भ्रमण मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना सहित महाविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को महाविद्यालय में प्रवेश लेकर अपने भविष्य को नई दिशा देने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय का समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी वर्ग उपस्थित रहा।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!