टिहरी गढ़वाल। पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वारंटियों और फरार अभियुक्तों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई के तहत कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस ने एन.आई. एक्ट (धारा 138) के एक वांछित वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस के अनुसार माननीय न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट, नरेंद्रनगर में लंबित वाद संख्या 157/2024 में अभियुक्त राजीव कुमार लगातार न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था। लगातार अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सटीक सुरागरसी के आधार पर अभियुक्त को देहरादून के सहस्रधारा रोड स्थित मयूर विहार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजीव कुमार पुत्र चंदूलाल निवासी राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, नरेंद्रनगर, जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार टिहरी भेज दिया गया।
टिहरी पुलिस के अनुसार एसएसपी के निर्देशन में पिछले एक माह के दौरान 50 से अधिक वारंटियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि वारंटियों और फरार अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




