टिहरी गढ़वाल 22 मई। बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला मंचन के प्रथम दिवस धार्मिक आस्था, संस्कृति और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। प्रथम दिवस के मंचन में भगवान राम और माता सीता जन्म प्रसंग का भावपूर्ण एवं आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रामलीला का शुभारंभ टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय एवं नगर पालिका अध्यक्ष तथा रामलीला समिति के संरक्षक मोहन सिंह रावत द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। दोनों अतिथियों ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, आदर्शों और मर्यादा का जीवंत प्रतीक है, जिससे नई पीढ़ी को नैतिक मूल्यों की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेत्री सुषमा उनियाल, भाजपा नेता जीतराम भट्ट, कांग्रेस नगर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, नगरपालिका सभासद प्रीति पोखरियाल, जिला सूचना अधिकारी द्रवनिता शर्मा एवं जिला फूड एंड सेफ्टी कमिश्नर प्रमोद रावत उपस्थित रहे।
प्रथम दिवस के मंचन में रावण के घमंड, राजा दशरथ की पुत्र प्राप्ति की चिंता, गुरु वशिष्ठ एवं श्रृंगी ऋषि द्वारा पुत्रेष्टि यज्ञ तथा भगवान राम, भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न और माता सीता के जन्म प्रसंग को बेहद मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की जीवंत अभिनय शैली, संवाद अदायगी, भजनों और संगीत ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंच सज्जा, पारंपरिक वेशभूषा और प्रकाश व्यवस्था भी आकर्षण का केंद्र रही। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की। रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आज रामलीला के दूसरे दिन भी कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।




