ऋषिकेश, 25 मई। गंगा दशहरा पर्व पर ऋषिकेश के गंगा घाटों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए SDRF, जल पुलिस, 40वीं वाहिनी पीएसी एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा विभिन्न घाटों पर विशेष निगरानी रखी गई। मोटर बोट, राफ्ट और स्कूबा टीमों के माध्यम से लगातार गश्त कर लोगों को गहरे पानी और तेज बहाव से दूर रहने की चेतावनी दी जाती रही।
इसी दौरान त्रिवेणी घाट पर स्नान कर रहा गाजियाबाद निवासी अवनीश कुमार अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा। मौके पर तैनात SDRF टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। टीम की त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच गई।
वहीं दूसरी ओर थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के लक्ष्मण झूला तपोवन स्थित सच्चा धाम घाट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली-नोएडा से घूमने आए छह युवकों के समूह में शामिल 21 वर्षीय चंदन यादव ने चेतावनी के बावजूद गहरे पानी में तैरने का प्रयास किया और तेज बहाव में बहकर डूब गया। सूचना मिलते ही SDRF डीप डाइविंग टीम ढालवाला मौके पर पहुंची और स्कूबा डाइविंग के जरिए युवक को करीब 10 से 15 फीट गहराई से बाहर निकाला। SDRF जवानों ने मौके पर युवक को CPR भी दिया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। बाद में युवक को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गंगा दशहरा पर्व के दौरान SDRF प्रभारी निरीक्षक कविंद्र सजवाण अपनी टीम के साथ लगातार घाटों पर निगरानी करते रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे केवल निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन अवश्य करें।
गंगा दशहरा पर घाटों में उमड़ी भीड़, SDRF ने बचाई डूबते युवक की जान तो दूसरे को भेजा अस्पताल

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



