ऋषिकेश, 01 जून। श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश के मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (बीएमएलटी) विभाग के अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं का छह माह का क्लीनिकल प्रशिक्षण सोमवार से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश में शुरू हो गया। प्रशिक्षण के दौरान छात्र एम्स की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं एवं विभिन्न चिकित्सा विभागों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे।
परिसर निदेशक प्रो. एम.एस. रावत ने प्रशिक्षु विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में मिलने वाला प्रशिक्षण विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान और व्यावसायिक दक्षता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। इससे उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।
विभाग समन्वयक प्रो. गुलशन कुमार ढींगरा ने बताया कि एम्स ऋषिकेश के सहयोग से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक प्रयोगशाला तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण रोग निदान प्रक्रियाओं और अस्पताल आधारित कार्य प्रणाली का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा, जो उनके करियर और उच्च शिक्षा के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
एम्स ऋषिकेश की डीन, एलाइड हेल्थ साइंसेज डॉ. सुनीता मित्तल के अनुसार प्रशिक्षण अवधि में विद्यार्थियों को पैथोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, ब्लड बैंक तथा सैंपल कलेक्शन जैसे विभागों में जांच प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण और रोगी सेवा से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
वहीं, डीन अकादमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय ने कहा कि यह प्रशिक्षण छात्रों को नवीनतम चिकित्सा तकनीकों, अनुसंधान गतिविधियों और स्वास्थ्य सेवाओं की उन्नत कार्यप्रणाली से परिचित कराएगा, जो उनके पेशेवर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उल्लेखनीय है कि मार्च 2017 में एम्स ऋषिकेश और पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर के बीच हुए समझौते के तहत बीएमएलटी विद्यार्थियों को छह माह का अस्पताल आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। अब तक आठ बैच सफलतापूर्वक यह प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं और अनेक पूर्व छात्र देश के प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थानों, विशेषकर एम्स ऋषिकेश में सेवाएं दे रहे हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन.के. जोशी ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। एम्स ऋषिकेश में प्राप्त होने वाला यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला साबित होगा।
एम्स ऋषिकेश में बीएमएलटी छात्रों का छह माह का क्लीनिकल प्रशिक्षण शुरू

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



