टिहरी गढ़वाल 6 जून। नोडल अधिकारी/अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद नई टिहरी वासुदेव डंगवाल ने अवगत कराया है कि आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल की समस्त नगर निकायों में दिनांक 01 जून से 30 जून, 2026 तक लोक कल्याण मेला, स्वनिधि महोत्सव तथा सेंसस टाउन क्षेत्रों में स्वनिधि शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों एवं उनके परिवारों की सफलता की कहानियों और उपलब्धियों को साझा करते हुए योजना के प्रति व्यापक जनजागरूकता बढ़ाना है। साथ व्यवसायियों को ऋण एवं क्रेडिट सुविधाओं से जोड़ना, डिजिटल सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करना, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभार्थियों का जुड़ाव सुनिश्चित करना तथा योजना के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रमों के दौरान बैंकों, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), संबंधित विभागों, डिजिटल भुगतान एग्रीगेटरों (DPA), टाउन वेंडिंग समितियों (TVC) एवं अन्य हितधारकों के सहयोग से फेरी व्यवसायियों का सर्वेक्षण, पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण तथा उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लाभान्वित करने संबंधी कार्यवाही की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर पालिका परिषद चंबा में 09 जून, देवप्रयाग में 11 जून, गजा में 12 जून, तपोवन में 15 जून, कीर्तिनगर में 16 जून, नरेंद्रनगर में 17 जून, लंबगांव में 18 जून, नई टिहरी में 19 जून, घनसाली में 23 जून, चमियाला में 24 जून तथा मुनिकीरेती में 25 जून, 2026 को स्वनिधि शिविर एवं लोक कल्याण मेले आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के सभागारों में इन आयोजनों का आयोजन किया जाएगा, जबकि नगर पालिका परिषद नई टिहरी का कार्यक्रम ओपन मार्केट, बौराड़ी में आयोजित होगा।
नोडल अधिकारी ने सभी नगर निकायों को निर्देशित किया है कि निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेला एवं स्वनिधि शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लाभान्वित किया जाए।




