टिहरी गढ़वाल 10 जून । थाना लंबगांव क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले की विवेचना पुलिस द्वारा निष्पक्ष, पारदर्शी और वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे ने जांच की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी है तथा निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान एकत्र किए गए साक्ष्यों, तकनीकी तथ्यों और पूछताछ के आधार पर नामजद दोनों आरोपितों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बुधवार, 10 जून 2026 को विशेषज्ञ फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस का कहना है कि इन साक्ष्यों से जांच को और अधिक तथ्यपरक और मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।
एसएसपी श्वेता चौबे स्वयं प्रकरण की लगातार निगरानी कर रही हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मामले से जुड़ी किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से साझा न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
लंबगांव युवक हत्या प्रकरण: फोरेंसिक साक्ष्यों के सहारे सच तक पहुंचने में जुटी पुलिस

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



