Ad image

केतन हत्याकांड पर अनुसूचित जाति आयोग की कड़ी नजर, अध्यक्ष मुकेश कुमार ने पीड़ित परिवार को दिया न्याय का भरोसा

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 1 1 जून । प्रतापनगर ब्लॉक के देवल गांव निवासी युवक केतन लाल की हत्या के मामले पर उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग लगातार निगरानी बनाए हुए है। आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार गुरुवार को आयोग की सदस्य सुनीता देवी के साथ देवल गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने घटना में घायल दिवाकर डिमरी और उसके परिजनों से भी भेंट कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
आयोग अध्यक्ष ने परिजनों को बताया कि मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा पुलिस निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आयोग स्वयं पूरे प्रकरण पर नजर बनाए हुए है और दोषियों को कठोर सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इसके बाद मुकेश कुमार ने जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचकर घायल दिवाकर डिमरी का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सुरक्षा कारणों से दिवाकर को प्राइवेट वार्ड में भर्ती करने तथा उसके लिए पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में आयोग अध्यक्ष ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से मामले की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि घटना में शामिल कोई भी आरोपी बचना नहीं चाहिए और जांच के प्रत्येक पहलू की गहनता से पड़ताल की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को नियमित रूप से कार्रवाई की जानकारी देने के भी निर्देश दिए।
पत्रकार वार्ता में मुकेश कुमार ने कहा कि पहाड़ों में इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि देवल गांव में सामाजिक समरसता का माहौल देखने को मिला है और पूरा गांव पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के निर्देश दिए हैं।
आयोग अध्यक्ष ने जानकारी दी कि एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत पीड़ित परिवार को 4 लाख 12 हजार 500 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। शेष 4 लाख 12 हजार 500 रुपये की राशि पुलिस द्वारा चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि आयोग पीड़ित परिवार को कानूनी सहायता सहित हर आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा।
इस दौरान एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेंद्र कोहली, ग्राम प्रधान सुरेश डिमरी, रणवीर नौटियाल, सुभाष कोली, एडीएम शैलेंद्र नेगी, सीओ चंद्रमोहन सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, एलआईयू निरीक्षक शैलेश राणा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!