ऋषिकेश घूमने आए दंपति के साथ हादसा, गंगा में डूबने के बाद तलाश जारी

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

ऋषिकेश, 14 जून। चन्द्रेश्वर नगर श्मशान घाट के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान दिल्ली निवासी एक दंपति के डूबने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर व्यापक खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया, जो देर शाम तक जारी रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली के उत्तम नगर निवासी मनीष आर्य (30 वर्ष) और उनकी पत्नी जानकी (28 वर्ष) अपने साथियों के साथ ऋषिकेश घूमने आए थे। बताया जा रहा है कि दोनों चन्द्रेश्वर नगर क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान कर रहे थे, तभी तेज बहाव और गहराई की चपेट में आकर डूब गए।
घटना के दौरान उनके साथ मौजूद एक अन्य युवक ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी नदी में फंस गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलते ही त्रिवेणी घाट पर तैनात एसडीआरएफ की वाटर रेस्क्यू टीम घटनास्थल पहुंची और संभावित क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू किया। प्रारंभिक खोज में सफलता नहीं मिलने पर ढालवाला पोस्ट से डीप डाइविंग टीम को स्कूबा उपकरणों के साथ बुलाया गया। गोताखोरों ने करीब दो घंटे तक नदी की गहराइयों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक दंपति का कोई सुराग नहीं मिल सका।
एसडीआरएफ ने बताया कि खोज अभियान लगातार जारी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि वे केवल चिन्हित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा चेतावनी बोर्डों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों ने कहा कि गंगा नदी का तेज बहाव और अचानक बढ़ता जलस्तर कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है।
डूबे व्यक्तियों का विवरण : मनीष आर्य पुत्र कुंदन आर्य, उम्र 30 वर्ष, जानकी पत्नी मनीष, उम्र 28 वर्ष निवासी जय बिहार नगली, उत्तम नगर, दिल्ली।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!