प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का जताया आभार
रायवाला, 21 जून। हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) परियोजना के हरिद्वार एवं ऋषिकेश तक विस्तार को मंजूरी मिलने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को उत्तराखण्ड में धार्मिक पर्यटन, कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि नमो भारत ट्रेन का हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तार प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान करेगा। इससे दिल्ली-एनसीआर सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार और ऋषिकेश विश्व के प्रमुख आध्यात्मिक एवं पर्यटन केंद्र हैं, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। नमो भारत ट्रेन सेवा शुरू होने से चारधाम यात्रा, पर्यटन उद्योग, स्थानीय व्यापार तथा रोजगार के नए अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्वामी रसिक महाराज ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश में आधुनिक और विश्वस्तरीय परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने इस परियोजना को साकार करने में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की भी प्रशंसा की।




