टिहरी गढ़वाल 3 जुलाई । अरण्यक जन सेवा संस्था, देवप्रयाग ने अपनी सामाजिक पहल को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी आर्थिक रूप से कमजोर एवं निर्धन परिवारों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए ‘मां मंगला सरस्वती छात्रवृत्ति योजना’ के तहत छात्रवृत्ति वितरित की।
तहसील सभागार, देवप्रयाग में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद देवप्रयाग की अध्यक्षा श्रीमती ममता देवी और तहसीलदार विजय पाल गुसाईं ने चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की।
संस्था के सचिव इंद्र दत्त रतूड़ी ने बताया कि स्वामी नित्यबोधानंद सरस्वती के सहयोग एवं मार्गदर्शन में इस वर्ष नौ जरूरतमंद छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। सभी चयनित विद्यार्थियों को एक वर्ष की छात्रवृत्ति प्रदान की गई, जिसमें उनकी एक वर्ष की शैक्षणिक फीस तथा डिप्लोमा पाठ्यक्रम की फीस का भी प्रावधान शामिल है। उन्होंने कहा कि इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में बड़ी मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि संस्था समाज के सक्षम एवं सहयोगी लोगों के सहयोग से निर्धन, असहाय और मेधावी विद्यार्थियों की शिक्षा का खर्च वहन कर उन्हें अपने सपनों को साकार करने का अवसर प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम में विद्यामंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेश शर्मा, शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य राजेश पंचपुरी, धीरेन्द्र भट्ट, मुकेश भट्ट, प्रिया जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




