पत्रकार द्वारा कथित धन उगाही की शिकायत पर संत समाज में रोष : स्वामी रसिक महाराज ने पत्रकारों की सूची उपलब्ध कराने की उठाई मांग

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

रायवाला 3 जुलाई । ऋषिकेश के गुमानीवाला क्षेत्र में एक पत्रकार द्वारा समाचार प्रकाशित करने की कथित धमकी देकर ₹2 लाख की मांग किए जाने की शिकायत को लेकर संत समाज में गहरा रोष व्याप्त है।

सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने इस प्रकरण को गंभीर बताते हुए केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री तथा राज्य सूचना आयुक्त को पत्र प्रेषित कर मांग की है कि प्रत्येक जनपद में मान्यता प्राप्त पत्रकारों की अद्यतन सूची जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक को उपलब्ध कराई जाए, जिससे वास्तविक एवं मान्यता प्राप्त पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित हो सके।

स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पत्रकारिता की आड़ में कथित रूप से धन उगाही, ब्लैकमेलिंग अथवा अनुचित दबाव बनाने का कार्य करता है, तो ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों के कारण पत्रकारिता की गरिमा प्रभावित होती है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि पत्रकारिता के नाम पर चल रही कथित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए, ताकि ईमानदार पत्रकारों की प्रतिष्ठा सुरक्षित रहे और समाज में पारदर्शी एवं उत्तरदायी पत्रकारिता को बढ़ावा मिल सके।

संत समाज ने भी इस विषय पर निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पत्रकारिता जैसे सम्मानित पेशे की आड़ में किसी भी प्रकार की कथित धन उगाही या दबाव बनाने की प्रवृत्ति पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!