टिहरी गढ़वाल 16 जुलाई। टिहरी पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे की प्रभावी मॉनिटरिंग में कोतवाली नरेन्द्रनगर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर करीब 8 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए 32 लोहे के पानी के पाइपों की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त ट्रक और अन्य स्क्रैप सामग्री भी कब्जे में ली है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को ग्राम साबली निवासी जयराज सिंह खण्डका ने गजा-चम्बा मोटर मार्ग स्थित पम्पिंग योजना से 5 इंच व्यास और 18 फीट लंबे 32 लोहे के पानी के पाइप चोरी होने की तहरीर कोतवाली नरेन्द्रनगर में दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नरेन्द्रनगर के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मैनुअल पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस ने 15 जुलाई को हरिद्वार जनपद के सलेमपुर, मंगलौर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी गए सभी 32 लोहे के पाइप, अन्य स्क्रैप सामग्री तथा घटना में प्रयुक्त ट्रक संख्या UK17CA-3604 बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार से चम्बा, खाड़ी और गजा क्षेत्र में ट्रक से ईंट सप्लाई का काम करते हैं। वापसी के दौरान ट्रक खाली होने पर अतिरिक्त कमाई के लिए कबाड़ भी ले जाते थे। करीब 15 दिन पहले ईंट सप्लाई के दौरान उनकी नजर गजा क्षेत्र में रखे पम्पिंग योजना के पाइपों पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने चोरी की योजना बनाई और चम्बा में ईंट उतारने के बाद लौटते समय सभी 32 पाइप ट्रक में लाद लिए। वे इन्हें रुड़की के कबाड़ी को बेचने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहबान पुत्र शहजाद निवासी टांडा भनेड़ा, थाना मंगलौर (हाल निवासी सलेमपुर दादूपुर, रानीपुर, हरिद्वार) तथा उस्मान पुत्र एहसान निवासी टांडा भनेड़ा, थाना मंगलौर (हाल निवासी ताताहेड़ी, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर) के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा, उपनिरीक्षक यशवन्त खत्री, अपर उपनिरीक्षक शांतिप्रसाद डिमरी, हेड कांस्टेबल मनीष रावत, रामकुमार, कांस्टेबल विवेक कुमार, सीआईयू प्रभारी उपनिरीक्षक ओमकांत भूषण, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार तथा विकास सैनी शामिल रहे।
टिहरी पुलिस ने कहा कि जनपद में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
24 घंटे में टिहरी पुलिस का बड़ा एक्शन: 8 लाख के चोरी गए पाइप बरामद, दो शातिर चोर गिरफ्तार

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



