गंगा का बढ़ता जलस्तर बना खतरा, SDRF ने घाटों से लोगों को हटाकर जारी किया अलर्ट

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

ऋषिकेश, 20 जुलाई। भारी वर्षा की चेतावनी और गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सोमवार को एसडीआरएफ, जल पुलिस और आपदा राहत दल ने ऋषिकेश, मुनि की रेती एवं लक्ष्मण झूला क्षेत्र के प्रमुख घाटों पर संयुक्त जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से तत्काल घाट खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई।
संयुक्त टीमों ने लाउडहेलर के माध्यम से लोगों को चेताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और नदी का बहाव अत्यधिक तेज एवं खतरनाक हो गया है। ऐसे में नदी में उतरना या किनारे पर अधिक समय तक रुकना जोखिम भरा हो सकता है।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, नदी के किनारे जाने से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कंट्रोल रूम या आपदा राहत दल को सूचना देने की अपील की। साथ ही घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे अपनी एवं अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक चेतावनियों एवं निर्देशों का ही पालन करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने तक गंगा किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!