टिहरी गढ़वाल 20 जुलाई। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 57 शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए। डीएम ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए पुराने मामलों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा। मानसून को देखते हुए सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहने और अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश भी दिए। साथ ही जनता मिलन में आने वाली शिकायतों का पंजीकरण दोपहर एक बजे तक अनिवार्य रूप से करने को कहा।
जनता मिलन में जाखणीधार के कफलोग गांव में आपदा के दौरान बनी क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार से मकानों को खतरे, नरेंद्रनगर क्षेत्र में सड़क मलबे से खेतों और पेयजल लाइन को हुए नुकसान, टिहरी के गुनोगी गांव में होटल के पास डंपिंग से मकान पर मंडरा रहे खतरे, टिहरी बांध से प्रभावित उत्तरकाशी के लोगों के लंबित भूमि मुआवजे तथा कीर्तिनगर के धारी गांव में पेयजल समस्या से जुड़े मामलों पर डीएम ने संबंधित विभागों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, एसडीएम कमलेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




