आंदोलनकारियों के संघर्ष को नमन, शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प

Govind Pundir
4 Min Read
खबर को सुनें

26वें राज्य स्थापना दिवस पर टिहरी में धूमधाम से हुए कार्यक्रम, विधायक किशोर उपाध्याय ने इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा स्थापना की घोषणा की।

टिहरी गढ़वाल । उत्तराखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने पर सोमवार को जनपद मुख्यालय नई टिहरी सहित सभी तहसीलों में राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। प्रताप इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया गया। इस मौके पर विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष और अनेक आंदोलनकारियों के बलिदान से संभव हुआ है। अब सभी की जिम्मेदारी है कि एकजुट होकर उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।

मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड राज्य का गठन आंदोलनकारियों के संघर्षों का परिणाम था। राज्य स्थापना दिवस हमें उन सभी शहीदों और आंदोलनकारियों के योगदान को याद करने तथा उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए गठित समिति भी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने जिला मुख्यालय में राज्य आंदोलन के प्रणेता स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा करते हुए राज्य की संस्कृति, परंपराओं और एकता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन और संकल्प लेने का दिन भी है। राज्य आंदोलन के शहीदों के सपनों को साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में टिहरी जनपद की ऐतिहासिक भूमिका रही है। ऐसे में जनपद का दायित्व है कि वह प्रदेश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाए। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड को भी महत्वपूर्ण योगदान देना होगा। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा।
समारोह में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं की छटा बिखेरी। पोस्टर प्रतियोगिता के प्रतिभागियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान जनपद के राज्य आंदोलनकारियों को फूलमाला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर अन्य पिछड़ा आयोग परिषद के उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, पूर्व राज्य मंत्री अब्बल सिंह बिष्ट एवं अतर सिंह तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, चंबा पालिकाध्यक्ष शोभनी धनोला, ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल, आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष डॉ. राकेश भूषण गोदियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, राज्य आंदोलनकारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!