चमियाला के विस्मित कोटनाला का विद्यालय में भव्य सम्मान, बोले— लक्ष्य तय कर मेहनत करें, सफलता जरूर मिलेगी
टिहरी गढ़वाल 25 जुलाई। टिहरी गढ़वाल के दूरस्थ भिलंगना विकासखंड के पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, चमियाला के छात्र विस्मित कोटनाला ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हिंदू कॉलेज में प्रवेश हासिल कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर शनिवार को विद्यालय में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया।
ग्राम कोटी पलूणी निवासी विस्मित ने सीबीएसई इंटरमीडिएट (कला वर्ग) परीक्षा 2025-26 में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद टिहरी की मेरिट सूची में दूसरा स्थान हासिल किया। इसके बाद सीयूईटी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में शामिल हिंदू कॉलेज में बी.ए. (हिंदी ऑनर्स) में प्रवेश प्राप्त किया। उन्होंने राजनीति विज्ञान विषय में 100 में 100 अंक हासिल कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का भी परिचय दिया।
शिक्षा के साथ-साथ साहित्य के क्षेत्र में भी विस्मित ने अपनी अलग पहचान बनाई है। उत्तराखंड भाषा संस्थान की यात्रा-वृत्तांत प्रतियोगिता “मेरी पहली उड़ान” में उत्कृष्ट लेखन के लिए उन्हें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विस्मित ने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि छात्र समर्पण और अनुशासन के साथ पढ़ाई करें तो सरकारी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर भी देश के सर्वोच्च शिक्षण संस्थानों तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को गुरुजनों का सम्मान करने, विनम्र बने रहने, ऑनलाइन गेम और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर अध्ययन व व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने की सलाह दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रवीन्द्र सिंह तनवार ने कहा कि विस्मित की उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि उनका अनुशासन, परिश्रम और विनम्र स्वभाव अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है तथा प्रत्येक छात्र को उनसे सीख लेकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
विस्मित की सफलता में उनके परिवार और विद्यालय का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनकी माता श्रीमती विनीता कोटनाला पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, चमियाला में सहायक अध्यापिका (विज्ञान) हैं, जबकि उनके पिता सुशील कुमार कोटनाला राजकीय इंटर कॉलेज, ढुंगीधार (नई टिहरी) में प्रभारी प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं।
क्षेत्रीय विधायक शक्तिलाल शाह, खंड शिक्षा अधिकारी सुमेर सिंह कैंतुरा तथा नगर पंचायत अध्यक्ष चमियाला गोविन्द सिंह राणा ने भी विस्मित को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, प्रेरणा और गौरव का वातावरण देखने को मिला।




