हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने पर जोर, डीएम ने दिए समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 27 जुलाई। जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं, जल गुणवत्ता, घरेलू नल कनेक्शन, संचालन एवं अनुरक्षण तथा स्वच्छता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन पेयजल योजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में जल स्रोतों के संरक्षण, पेयजल की नियमित गुणवत्ता जांच और जलापूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संबंधी समस्याएं हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए ताकि लोगों को निर्बाध जलापूर्ति मिल सके।
स्वच्छता अभियान की समीक्षा करते हुए डीएम ने लक्ष्य के अनुरूप ओडीएफ प्लस का दर्जा प्राप्त न करने वाले गांवों की शीघ्र मैपिंग कराने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विकासखंडों एवं जिला पंचायत के गारबेज कलेक्शन वाहनों का संयुक्त डाटा तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करने और उनकी नियमित जीपीएस मैपिंग कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में समस्याग्रस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल कनेक्शन की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं गोवर्धन परियोजना की समीक्षा के दौरान जैविक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन, बायोगैस एवं जैविक खाद उत्पादन को बढ़ावा देने और परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान विनोद रमोला, अधीक्षण अभियंता जल निगम वी.के. जैन, अधिशासी अभियंता प्रशांत भारद्वाज, नरेश पाल, के.एन. सेमवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!