मजगांव स्कूल में पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें


टिहरी गढ़वाल, 6 अगस्त। हरेला पर्व के अवसर पर वन पंचायत मजगांव स्थित जूनियर हाई स्कूल में वन विभाग की सकलाना रेंज के तत्वावधान में पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, वनाग्नि रोकथाम और वन्यजीव–मानव संघर्ष की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों और ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
वन विभाग की इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जनआंदोलन का स्वरूप देना, वनों को आग से सुरक्षित रखने के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा वन्यजीव–मानव संघर्ष को कम करने के लिए ग्रामीणों और विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करना रहा। अधिकारियों ने वनों के संरक्षण में जनसहयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य भूतसी श्रीमती सीता मनवाल रहीं। विशिष्ट अतिथियों में ग्राम प्रधान मरोड़ा सरोप सिंह नेगी, ग्राम प्रधान मजगांव गोपाल सिंह कंडारी, वन सरपंच मजगांव संजय कंडारी, वन सरपंच उनियाल गांव अनुसूया प्रसाद उनियाल तथा सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल शामिल रहे।
वन विभाग की ओर से प्यार चंद रमोला, अनुभाग अधिकारी हीरा सिंह पंवार, वन बीट अधिकारी अंकित राणा सहित अन्य वन कर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण, वनाग्नि से बचाव और वन्यजीव–मानव संघर्ष की रोकथाम के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने की अपील भी की।
इस दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और सभी ने उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, वनाग्नि रोकथाम एवं वन्यजीव संरक्षण विषयों पर निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, स्थानीय ग्रामीणों तथा कुसुम नेगी, भागचंद रमोला, महावीर धनोला, बनवारी लाल, वी.पी. सिंह, संदीप, महेश, वीरचंद कुमाई सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। आयोजन के अंत में सभी ने हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!