CMO डॉ. श्याम विजय के नेतृत्व में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मुहिम, डेंगू और एनीमिया से जंग जारी

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 9 अगस्त 2024। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने कमर कस ली है। जिले के स्वास्थ्य सूचकांक को बेहतर बनाने के लिए वे अपने कर्मचारियों के साथ नियमित बैठकें कर रहे हैं, जिससे समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सके।

CMO Dr Shyam Vijay

हालांकि, बौराड़ी स्थित जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी लंबे समय से खल रही है, लेकिन इस समस्या का समाधान भी जल्द होने की उम्मीद है। फिलहाल, नरेंद्र नगर से रेडियोलॉजिस्ट तीन दिन के लिए आकर सेवाएं दे रहे हैं, और शासन स्तर पर इस कमी को स्थायी रूप से दूर करने के लिए पत्राचार जारी है। जल्द ही कुछ डॉक्टरों के स्थानांतरण की प्रक्रिया भी पूरी होने की उम्मीद है, जिससे अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति संभव हो सकेगी।

डॉ श्याम विजय ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में जिले को एनीमिया मुक्त बनाने का एक विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। 10 मई से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक 1,08,151 किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और गैर गर्भवती महिलाओं की हिमोग्लोबिन जांच की जा चुकी है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 13 राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीमों, 180 सीएचओ, और 249 एएनएम को जिम्मेदारी सौंपी है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप 55,647 महिलाएं एनीमिया ग्रस्त पाई गई हैं, जिनमें से 30,875 को हल्का, 24,302 को मध्यम, और 470 को गंभीर एनीमिया है।

इसके साथ ही, जिले में डेंगू के खिलाफ भी जंग छेड़ी जा चुकी है। जन जागरूकता अभियान के साथ-साथ मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। डॉ. श्याम विजय ने स्पष्ट किया है कि उनकी प्राथमिकता जिले को स्वस्थ और सुरक्षित बनाना है, और इसके लिए वे किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!