कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान शुरू : जिलाध्यक्ष होंगे पार्टी की रीढ़– कुलदीप राठौर

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

कांग्रेस में पहली बार बूथ स्तर से चुने जाएंगे जिलाध्यक्ष

टिहरी गढ़वाल 25 सितम्बर 2025। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं हिमाचल प्रदेश के विधायक कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व इस समय पूरे देश में संगठन सृजन अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। इस अभियान के तहत जिलों में मजबूत और कार्यकर्ताओं की पसंद से चुने गए नेतृत्व को सामने लाने की पहल की जा रही है।

राठौर ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संगठन की रीढ़ की भूमिका निभाएंगे। अब उनकी जिम्मेदारी सिर्फ संगठन संचालन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि वे विधानसभा और लोकसभा चुनावों में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में भी निर्णायक राय देंगे। कांग्रेस हाईकमान ने तय किया है कि जिला अध्यक्षों को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठकों में आमंत्रित किया जाएगा और उनकी राय को महत्व दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पहली बार पार्टी के जिलाध्यक्ष बूथ स्तर के आम कार्यकर्ताओं की रायशुमारी के आधार पर चुने जाएंगे। बूथ से लेकर ब्लॉक स्तर तक कार्यकर्ताओं की सहभागिता से बनी यह संरचना संगठन को जमीनी स्तर पर नई मजबूती देगी।

राठौर ने कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व चाहता है कि जिला संगठन चुनावी और राजनीतिक दृष्टि से आत्मनिर्भर बने। इसीलिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है कि वे जिलों में जाकर बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद करें, उनकी राय एकत्र करें और फिर उसी आधार पर रिपोर्ट तैयार कर हाईकमान को सौंपें। इसी प्रक्रिया से नए जिलाध्यक्ष चुने जाएंगे।

उन्होंने बताया कि वे चार दिवसीय प्रवास पर टिहरी पहुंचे हैं और इस दौरान बूथ व ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे हैं। रायशुमारी पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजी जाएगी और उसके बाद जिलाध्यक्ष का चुनाव होगा।

इस मौके पर कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे जिनमें प्रमुख रूप से प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं विधायक बद्रीनाथ लखपत बुटोला, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री जयेंद्र रमोला, राकेश नेगी, जिलाध्यक्ष राकेश राणा, उपाध्यक्ष जिला पंचायत मान सिंह रौतेला, प्रदेश प्रवक्ता ज्योति भट्ट और शांति भट्ट, मुरारी लाल खंडवाल, प्रदीप रमोला, विजय गुणसोला, जिला पंचायत सदस्य विजय पाल रावत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप पंवार, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!