समाजसेवी आशाराम व्यास का आकस्मिक निधन, प्रतापनगर में शोक की लहर

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 29 सितम्बर। श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभा यात्रा समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रसिद्ध समाजसेवी आशाराम व्यास (71) का सोमवार दोपहर आकस्मिक निधन हो गया। वह बीते चार दिनों से अस्वस्थ थे और हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में उपचाराधीन थे। सोमवार अपराह्न 12 बजे उनकी स्थिति अचानक बिगड़ने पर उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके निधन से प्रतापनगर और ऋषिकेश क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्व. व्यास अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्रों सहित भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को ऋषिकेश स्थित पूर्णानंद घाट पर किया जाएगा।

मूल रूप से प्रतापनगर ब्लॉक की भदूरा पट्टी के सौड़ गांव निवासी आशाराम व्यास वर्तमान में ढालवाला, ऋषिकेश में रह रहे थे। वह समाज और देवकार्य से गहराई से जुड़े रहे। हरिद्वार महाकुंभ में देव डोलियों के स्नान कार्यक्रम को उन्होंने समिति के साथ मिलकर ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया था, जिसकी प्रदेशभर में सराहना हुई थी।

समिति के सचिव द्वारिका प्रसाद भट्ट ने बताया कि हरिद्वार में हुए महाकुंभ में उत्तराखंड की देव डोलियों के स्नान को लेकर स्व. व्यास ने समिति के साथ मिलकर बेहतर कार्यक्रम कराया था। जिसकी पूरे प्रदेश में प्रशंसा हुई थी।

वन मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक विक्रम नेगी, पूर्व विधायक विजय पंवार, यूकेडी नेता पंकज व्यास, सीए राजेश्वर पैन्यूली, प्रमुख मनीषा पंवार, प्रदीप रमोला, प्रधान नीलकंठ व्यास, चंद्रशेखर पैन्यूली, महेश व्यास, रामचंद्र रतूड़ी, पीएन व्यास, अतेंद्र व्यास, बीडीसी पूजा व्यास, पूर्व पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, नवीन रतूड़ी, प्रवीन व्यास, गणेश रतूड़ी, मनोज व्यास समेत अनेक सामाजिक-राजनीतिक हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को समाज के लिए अपूर्णीय क्षति बताया है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!