सामाजिक विज्ञान महोत्सव का जिला स्तरीय आयोजन, प्रथम पुरस्कार विजेता छात्र राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में होंगे शामिल

टिहरी गढ़वाल 5 दिसंबर 2025। आज संस्थान में सामाजिक विज्ञान महोत्सव का जिला स्तरीय आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के प्रभारी प्राचार्य श्री देवेंद्र सिंह भंडारी ने किया।
प्राचार्य ने महोत्सव के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसका लक्ष्य छात्रों में समाज, संस्कृति, अर्थव्यवस्था, राजनीति और इतिहास के प्रति गहरी समझ विकसित करना तथा संविधान, लोकतंत्र, मानवाधिकार और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाना है।
इस महोत्सव में जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालयों के ब्लॉक स्तर पर चयनित प्रथम तीन स्थान प्राप्त छात्रों ने भाषण, क्विज और मॉडल निर्माण प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम समन्वयक श्री राजेंद्र बडोनी ने बताया कि मॉडलों की प्रदर्शनी में उन्नति रावत (राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, आमपाटा, नरेंद्र नगर), भाषण प्रतियोगिता में कु सोनाली (राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, पाख, भिलंगना) और क्विज प्रतियोगिता में कु इशिका (राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, थालकाधार) ने प्रथम स्थान हासिल किया। ये छात्र 10-11 दिसंबर को पिथौरागढ़ के डायट डीढ़ाट में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. वीर सिंह रावत, विनोद पेटवाल, डॉ. मनवीर नेगी, सीमा शर्मा, डॉ. सुमन नेगी, संजीव भट्ट, सरिता असवाल तथा मोनाजीर हुसैन उपस्थित थे। उपस्थित छात्रों और शिक्षकों के साथ जिला के सभी विकास खंडों के प्रतिभागी मौजूद रहे।
इस अवसर पर दीपक रतूड़ी, मधु नेगी, अनीता मेवाड़, कपिल रावत, मोहित, सौरभ, संजय कठैत, कांतिशरण कठैत एवं विनोद बडोनी भी उपस्थित थे।



