Ad image

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान: टिहरी गढ़वाल में कल से न्याय पंचायतों में लगेंगे बहुउद्देशीय कैम्प

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल। आम जनता को केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ देने और मौके पर ही उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए टिहरी गढ़वाल जिले में कल 17 दिसंबर से न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविरों की श्रृंखला शुरू हो रही है। यह कैम्प ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे हैं।

शासन के निर्देशानुसार यह अभियान प्रदेशभर में 17 दिसंबर 2025 से आगामी 45 दिनों तक चलेगा। टिहरी जनपद में इस अवधि के दौरान प्रत्येक तहसील की न्याय पंचायतों में सप्ताह में कम से कम 2 से 3 कार्य दिवसों पर कैम्प लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न विभाग एक ही मंच से सेवाएं और जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट वीसी कक्ष में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों और खण्ड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कैम्पों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागीय कार्मिकों की अनिवार्य उपस्थिति व वन विभाग की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया।

कल 17 दिसंबर को होने वाले कैम्पों में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल न्याय पंचायत दिखोलगांव के राजकीय इंटर कॉलेज चम्बा में आयोजित शिविर की अध्यक्षता करेंगी। अपर जिलाधिकारी विकास खंड देवप्रयाग की पलेटी न्याय पंचायत (रा.इ.का. हिण्डोलाखाल) में, जिला विकास अधिकारी रा.इ.का. मलेथा में, पीडी डीआरडीए विकास खण्ड कार्यालय थत्यूड़ में तथा मुख्य कृषि अधिकारी विकासखंड नरेंद्र नगर के मुख्यालय फकोट में आयोजित कैम्पों में अध्यक्षता के रूप में प्रतिभाग करेंगे। इसके अलावा सभी उप जिलाधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी अपने-अपने विकास खण्ड की न्याय पंचायतों में उपस्थित रहेंगे।

बैठक में बताया गया कि बहुउद्देशीय शिविर / कैम्प का समय प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम की सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी द्वारा दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग कैम्पों तक पहुंच सकें।

इन कैम्पों में उपस्थित लोगों को केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण व लाभ अनुमन्य किया जाएगा। साथ ही आम जनमानस की शिकायतों और समस्याओं का यथास्थान निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, एडीएम अवधेश कुमार सिंह, एसडीएम संदीप कुमार, जिला संख्याधिकारी साक्षी शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे, जबकि उप जिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं जनपद स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!