आपदा प्रबंधन को लेकर रा. पॉलीटेकनिक नरेंद्रनगर में विशेष प्रशिक्षण, 660 प्रतिभागियों ने लिया भाग

टिहरी, 07 फरवरी 2026। जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में आज राजकीय पॉलीटेकनिक संस्थान नरेंद्रनगर में एक दिवसीय आपदा प्रबंधन एवं न्यूनीकरण, त्वरित राहत-बचाव कार्य तथा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी एवं आपदा प्रबंधन अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र का संचालन मास्टर ट्रेनर श्री अनिल सकलानी द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनपद में संभावित प्राकृतिक आपदाओं, उनके प्रकार, आपदा से पूर्व की तैयारी, आपदा के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा आपदा के पश्चात राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बेसिक उपकरणों के उपयोग, आपातकालीन स्थिति में आवश्यक कदम, अस्थायी स्ट्रेचर बनाने की विधि, प्राथमिक उपचार, सीपीआर (CPR), आग से बचाव के उपाय, जंगली जानवरों से सतर्क रहने के तरीके तथा बाढ़ से सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की गईं।
साथ ही जनपद एवं राज्य स्तर के आपातकालीन टोल-फ्री नंबरों की जानकारी प्रदान की गई और संस्थान परिसर में सुरक्षित स्थलों एवं निकासी मार्गों की पहचान भी कराई गई। प्रतिभागियों को ‘भू देव ऐप’ के संबंध में जागरूक करते हुए ऐप डाउनलोड एवं उपयोग की विधि भी समझाई गई।
कार्यक्रम में कुल 660 प्रशिक्षणार्थियों, व्याख्याताओं, अनुदेशकों एवं संस्थान कर्मियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री ओमकार शर्मा ने भी उपस्थित सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण को अत्यंत आवश्यक बताया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया।



