वनखंडी महादेव में गूंजा ‘हर-हर महादेव’: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया महाशिवरात्रि मेले का शुभारम्भ

खटीमा (ऊधमसिंह नगर)। आस्था और उल्लास के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चकरपुर स्थित वनखंडी महादेव मंदिर में आयोजित महाशिवरात्रि मेले का विधिवत शुभारम्भ किया। उन्होंने प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देते हुए मंदिर परिसर में शिवलिंग पर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर उत्तराखंड की सुख-शांति, समृद्धि और उन्नति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वनखंडी महादेव मंदिर में वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए समग्र कार्ययोजना बनाकर मंदिर परिसर का विकास किया जाएगा। उन्होंने व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश जोशी, गंभीर सिंह धामी, गोपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मेले के शुभारम्भ के साथ ही पूरे क्षेत्र में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो उठा।



