मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन सख्त, समयबद्ध तैयारी के निर्देश

टिहरी गढ़वाल 28 मार्च 2026 । जनपद में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद स्तर पर नामित नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसे पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने उपजिलाधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि तहसील स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि पुनरीक्षण कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित हो सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह सहित संबंधित नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि जनपद में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।



