न्याय चला निर्धन के द्वार: विधिक जागरूकता मोबाइल वैन को हरी झंडी

दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को देगी निःशुल्क कानूनी जानकारी और सहायता
रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
टिहरी गढ़वाल, 14 मार्च। जन सामान्य को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला न्यायालय मुख्यालय टिहरी गढ़वाल से विधिक जागरूकता मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह पहल “न्याय चला निर्धन के द्वार” अभियान के तहत संचालित की जा रही है।

जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल नितिन शर्मा के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में परिवार न्यायाधीश अब्दुल कय्यूम तथा वरिष्ठ अधिवक्ता उम्मेद सिंह रावत ने संयुक्त रूप से मोबाइल वैन को रवाना किया।
इस अवसर पर परिवार न्यायाधीश अब्दुल कय्यूम ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के हर वर्ग, विशेषकर गरीब और वंचित लोगों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि मोबाइल वैन के माध्यम से लोग अपनी कानूनी समस्याएं सीधे प्राधिकरण के समक्ष रख सकेंगे, जिनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल डॉ. आलोक राम त्रिपाठी ने बताया कि उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में प्रदेशभर में मोबाइल जागरूकता वैन के माध्यम से विधिक सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके तहत 14 और 15 मार्च को यह वैन टिहरी जनपद के विभिन्न दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, महिला एवं बाल अधिकार, वरिष्ठ नागरिक अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण तथा अन्य कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक करेगी।
इन स्थानों से गुजरेगी वैन:
14 मार्च को वैन जिला न्यायालय से रवाना होकर नई टिहरी, बौराड़ी बाजार, बादशाहीथौल, चंबा, आराकोट, जड़ीपानी, काणाताल, ज्वारना, कद्दूखाल, धनोल्टी, बुरांशखंडा और सुआखोली होते हुए कैम्पटी पहुंचेगी।
15 मार्च को कैम्पटी से यमुना पुल, नैनबाग, क्यारी, थत्यूड़, अलमस, भवान, थान, डोमसी और नागराजाधार होते हुए यह वैन चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) की ओर प्रस्थान करेगी। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जागरूकता सभाएं भी आयोजित की जाएंगी।
मोबाइल वैन के साथ विभिन्न क्षेत्रों के लिए नामित अधिकार मित्र भी मौजूद रहेंगे, जो आमजन को निःशुल्क कानूनी सलाह और आवश्यक जानकारी प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहम्मद याकूब, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मिथिलेश पांडेय, सिविल जज कुलदीप नारायण, रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां, जिला न्यायालय के अधिवक्तागण, न्यायालय कर्मचारी तथा अधिकार मित्र उपस्थित रहे।



