टिहरी गढ़वाल, 11 मार्च 2026। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) टिहरी गढ़वाल द्वारा जनपद के विभिन्न संस्थानों में आपदा प्रबंधन जागरूकता और लाइफ सेफ्टी से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के निर्देशों तथा अपर जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के आदेशानुसार बुधवार को राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान प्रतापनगर (ओखलाखाल) में एक दिवसीय आपदा प्रबंधन, न्यूनीकरण एवं त्वरित राहत-बचाव कार्य से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) टिहरी के तत्वाधान में मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी द्वारा प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों, व्याख्याताओं, अनुदेशकों तथा अन्य कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को क्षेत्र में संभावित प्राकृतिक आपदाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आपदा के प्रकार, आपदा से पहले की तैयारी, आपदा के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियां तथा आपदा के बाद की कार्यवाही के बारे में भी अवगत कराया गया।
मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रतिभागियों को आपदा से पूर्व तैयारी, सुरक्षा उपाय, आपातकालीन स्थिति में किए जाने वाले कार्य, बेसिक उपकरणों का उपयोग, स्ट्रेचर बनाना, प्राथमिक उपचार, सीपीआर (CPR) तकनीक, आग से बचाव के तरीके, जंगली जानवरों से सावधानी तथा बाढ़ से बचाव के उपाय जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
इसके अलावा प्रतिभागियों को जनपद एवं राज्य आपातकालीन सेवाओं के टोल फ्री नंबरों, संस्थान परिसर के सुरक्षित स्थानों एवं निकासी मार्गों की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को भू-देव एप के बारे में बताते हुए इसे डाउनलोड करने और उपयोग करने की विधि भी समझाई गई।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य श्री हुकम चंद ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा के समय सही जानकारी और त्वरित कार्रवाई से बड़े नुकसान को टाला जा सकता है, इसलिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी हैं।
कार्यक्रम में कुल 175 प्रशिक्षणार्थी, व्याख्याता, अनुदेशक, अनुदेशिकाएं तथा संस्थान के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।




