यमकेश्वर में SDRF का आपदा जागरूकता प्रशिक्षण, छात्रों ने सीखी जीवन रक्षक तकनीकें

पौड़ी गढ़वाल 28 मार्च 2026 । राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की ढालवाला टीम द्वारा गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, विध्यानी (यमकेश्वर) में एक प्रभावी जन-जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम रघुनंदन सिंह तोलिया उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य युवाओं में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान SDRF टीम ने प्रतिभागियों को आपदाओं की प्रकृति, उनके प्रकार और उनसे निपटने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। विशेष रूप से प्राथमिक उपचार (First Aid) के अंतर्गत ब्लीडिंग कंट्रोल, खुले व बंद घावों का उपचार, हेड इंजरी में सहायता, आंख में चोट लगने पर प्राथमिक देखभाल तथा हड्डी टूटने की स्थिति में स्प्लिंटिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इसके साथ ही प्रतिभागियों को FBAO (श्वास मार्ग में विदेशी वस्तु फंसना) और CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) जैसी जीवन रक्षक तकनीकों का डेमोंस्ट्रेशन कर अभ्यास कराया गया। आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से उठाने और स्थानांतरित करने (लिफ्टिंग एवं मूविंग) के सही तरीकों की भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान SDRF टीम ने इम्प्रोवाइज्ड तकनीकों के माध्यम से स्ट्रेचर तैयार करने (कंबल, रस्सी, टी-शर्ट आदि से) और रोप की सहायता से रिवर क्रॉसिंग एवं क्षतिग्रस्त भवनों से सुरक्षित रेस्क्यू के तरीके भी सिखाए। इसके अतिरिक्त आधुनिक उपकरणों के माध्यम से रोप रेस्क्यू, डीप डाइविंग और फ्लड रेस्क्यू की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ प्राचार्य, प्राध्यापक एवं अन्य स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि इससे प्रतिभागियों में आपदा के समय स्वयं एवं दूसरों की मदद करने का आत्मविश्वास भी विकसित हुआ।
SDRF टीम में उपनिरीक्षक पंकज सिंह खरोला, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश तथा टीम के सदस्य मातबर, यशपाल और सुमित शामिल रहे।



