उत्तराखंडविविध न्यूज़

नागरिक मंच की मासिक बैठक में सात अहम प्रस्ताव पारित, कई मुद्दों पर जताया कड़ा विरोध

Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 01 मार्च 2026। सामुदायिक मिलन केंद्र, बौराड़ी (नई टिहरी) में नागरिक मंच की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष श्री सुन्दर लाल उनियाल ने की, जबकि संचालन मंत्री जगजीत सिंह नेगी (एडवोकेट) द्वारा किया गया। बैठक की शुरुआत पिछली कार्यवाही पढ़कर सुनाने से हुई, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
बैठक में नगर हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए।
नागरिक मंच की ओर से समस्त नगरवासियों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
विदेशी मदिरा की दुकान शिफ्ट करने की मांग:
बौराड़ी स्थित विदेशी मदिरा की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग पर आबकारी विभाग द्वारा दिए गए उत्तर को असंतोषजनक बताते हुए मंच ने इसका कड़ा विरोध किया। मंच ने पुनः दुकान को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की मांग उठाई।
अतिरिक्त भूमि के नियमितीकरण न करने पर नाराजगी:
नई टिहरी शहर के विस्थापितों एवं प्रभावितों की अतिरिक्त भूमि के नियमितीकरण को लेकर भी मंच ने नाराजगी जताई। मंच का कहना है कि दिनांक 22 सितंबर 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत तथा वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा घोषणा किए जाने के बावजूद अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे प्रभावितों में आक्रोश है। मंच ने शीघ्र नियमितीकरण की मांग की।
पेयजल योजना पर विरोध:
जल संस्थान द्वारा जायका प्रोजेक्ट के अंतर्गत कोटेश्वर बांध झील से नई पेयजल योजना बनाए जाने का मंच ने घोर विरोध किया। मंच ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप रीह-घुत्तु-नई टिहरी पेयजल योजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू करने की मांग की।
बैठक में नई टिहरी के संस्थापक स्वर्गीय बचन सिंह नेगी की स्मृति में निर्मल आवास बी. पुरम रोड तथा सांगुली खाल (ढाईजर से पहले) में दो प्रवेश द्वार स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। मंच ने शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।
ग्रीन बेल्ट और पार्क भूमि आवंटन का विरोध:
पुनर्वास विभाग द्वारा नई टिहरी में ग्रीन बेल्ट एवं पार्कों की भूमि आवंटित किए जाने का भी मंच ने विरोध किया।
स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध:
विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 47(5) का हवाला देते हुए मंच ने कहा कि उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर लगाने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। मंच ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध करते हुए 20 फरवरी 2026 को अधिशासी अभियंता, विद्युत निर्माण/वितरण खंड नई टिहरी को पत्र प्रेषित किए जाने की जानकारी दी।
सरदार इकबाल सिंह राजपाल को श्रद्धांजलि:
बैठक में नई टिहरी के प्रसिद्ध गुरुकृपा प्रतिष्ठान, बौराड़ी के संस्थापक सरदार इकबाल सिंह राजपाल के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक के प्रस्तावों की प्रतिलिपि आवश्यक कार्रवाई हेतु मुख्यमंत्री उत्तराखंड, सांसद राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक टिहरी विधानसभा तथा जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल को प्रेषित की गई है।
बैठक में सी.पी. डबराल, डॉ. उमेद सिंह नेगी, त्रिलोक चंद्र रमौला, भगवान चंद्र रमौला, चतर सिंह चौहान, गुरु दत्त डोभाल, महावीर प्रसाद भट्ट (एडवोकेट), युद्धवीर सिंह रावत, श्रीमती भगवान देई तोपवाल, आशा तोपवाल, करम सिंह तोपवाल, हुकुम सिंह कुट्टी (एडवोकेट), पी.एस. चौहान, राजेंद्र अग्रवाल, अब्दुल अतीक, दर्शन लाल उनियाल, भूपेंद्र चौहान, किशोरी लाल चमोली, संजय बहुगुणा, ओम प्रकाश रतूड़ी, कमल सिंह महर सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


Please click to share News

Govind Pundir

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!