टिहरी गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय नई टिहरी में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जन आक्रोश महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही और अधिनियम के समर्थन में जोरदार आवाज उठाई गई।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राज्य मंत्री श्रीमती मधु भट्ट ने विपक्ष पर महिलाओं के अधिकारों के प्रति नकारात्मक रुख अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसका विरोध करना महिलाओं के हितों के खिलाफ है।
प्रदेश महामंत्री भारतीय जनता पार्टी श्रीमती दीप्ति रावत ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस प्रकार भ्रूण हत्या की जाती है, उसी तरह विपक्ष ने महिलाओं के अधिकारों को दबाने का प्रयास किया है, जिसका खामियाजा उसे आने वाले समय में भुगतना पड़ेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती इंदु डंगवाल ने की, जबकि संचालन महिला मोर्चा की जिला महामंत्री अनिता कोठारी द्वारा किया गया। सम्मेलन में महिला मोर्चा गढ़वाल संयोजक श्रीमती रेखा डंगवाल, जिला अध्यक्ष उदय सिंह रावत, पूर्व जिला अध्यक्ष विनोद रतूड़ी, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवान, जिला महामंत्री बलवंत रावत, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र प्रसाद डोभाल, जिला कार्यालय मंत्री जयेंद्र पवार के अलावा चंबा, नई टिहरी, नैनबाग, कीर्तिनगर, देवप्रयाग और जौनपुर मंडलों की महिला पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन में भाग लिया ।




