रायवाला 19 अप्रैल । कौटिल्य वाटिका वैडिंग प्वाइंट प्रतीतनगर में 21 अप्रैल से भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है जिसके लिए पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
उक्त जानकारी देते हुए नारी जागृति मंच की प्रदेश अध्यक्ष सामाजिक कार्यकर्ता एवं मुख्य यजमान श्रीमती रजनी घिल्डियाल चंदोला ने बताया कि वैशाख शुक्ल पंचमी एवं मोहिनी एकादशी जैसे महापर्व पर आयोजित इस कथा में कई राजनैतिक हस्तियां, वरिष्ठ साहित्यकार, मीडिया जगत से जुड़े गणमान्य पत्रकार एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े वरिष्ठ समाजसेवी, संत-महात्माओं , रायवाला क्षेत्र की सभी महिला शक्ति संगठनों, कीर्तन मण्डलियों को आमन्त्रित किया गया है।
यह कथा देश के अमर शहीदों की शहादत को नमन करने और प्राकृतिक आपदाओं में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए समर्पित होगी। कथा का अमृतमय वाचन परम पूज्य आचार्य रमेंश उनियाल करेंगे । उन्होंने बताया कि कथा का शुभारम्भ 21अप्रैल को प्रातः 10 बजे सोमेश्वर महादेव मंदिर प्रतीतनगर से निकली भव्य कलश यात्रा के साथ होगा जिसमें विशेष रूप से सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज एवं मातृशक्ति और श्रद्धालुओं को सहभागी बनने का आग्रह किया गया है।
इस आठ दिवसीय कथा का उद्देश्य शहीदों के अदम्य बलिदान को श्रद्धांजलि देना, आपदा में दिवंगत आत्माओं के लिए सामूहिक प्रार्थना करना तथा सम्पूर्ण राष्ट्र की सुख-समृद्धि और शांति की मंगलकामना करना है।
कथा का समापन 28 अप्रैल को 9 बजे से भजन-कीर्तन, हवन एवं पूर्णाहुति एवं विशाल भण्डारे के साथ होगा। सभी श्रद्धालुओं को सपरिवार, इष्ट-मित्रों सहित सम्मिलित होने का सादर आमंत्रण दिया गया है।
नृसिंह भक्ति सेवा संस्थान एवं सोमेश्वर महादेव कीर्तन मण्डली ने सभी धर्मप्रेमी जनमानस से आह्वान किया है कि अधिक से अधिक संख्या में कथा में उपस्थित होकर पुण्यलाभ अर्जित करें और इस पावन आयोजन का हिस्सा बनें।




